Advertisement |

भोपाल
टोक्यो ओलिंपिक खेलों में कांस्य पदक हासिल करने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य विवेक सागर का भोपाल पहुंचने पर गुरुवार को राजा भोज एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने विवेक की आत्मीय अगवानी की। विवेक एयर इंडिया की नियमित दिल्ली उड़ान से सुबह 7:30 बजे भोपाल पहुंचे। उनकी अगवानी के लिए खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया कुछ समय पहले ही एयरपोर्ट पहुंच गई थीं। साई के डायरेक्टर सत्यजीत संकित, खेल विभाग के डायरेक्टर पवन जैन, जॉइंट डायरेक्टर विनोद प्रधान एवं बीएस यादव सहित खेल अकादमी के सदस्यों ने विवेक का भव्य स्वागत किया। खेल अकादमी से जुड़े सदस्यों ने एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही विवेक पर पुष्पवर्षा कर ढोल धमाकों के बीच उनका अभिनंदन किया। उत्साही युवाओं ने विवेक को कंधे पर उठाकर विजय मुद्रा में अभिनंदन किया।
0 Comments: